भिंड। शहर के वनखंडेश्वर रोड स्थित गोपाल गौशाला के पास एक बेजुबान पशु के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद इंसानियत समिति की टीम अपनी एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत के अनुसार, मंगलवार सुबह उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली कि गोपाल गौशाला, वनखंडेश्वर रोड के पास एक बेजुबान गंभीर अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही समिति की टीम मौके पर पहुंची, जहां पशु मृत अवस्था में मिला। उसके मुंह से खून निकल रहा था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान बताए गए। समिति की टीम ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय लोगों द्वारा आरोप लगाया गया कि शंकर सिंह कुशवाह नामक व्यक्ति ने उक्त पशु के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। आरोप है कि मारपीट के बाद पशु को रस्सी से बांधकर एक बड़े पत्थर के सहारे छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद इंसानियत समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। समिति ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मृत पशु का पोस्टमार्टम भी कराया गया, ताकि उसकी मृत्यु के वास्तविक कारणों तथा शरीर पर आई चोटों के संबंध में चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त की जा सके। इंसानियत समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत जी ने कहा कि बेजुबान जीवों के साथ होने वाली हिंसा को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। क्योंकि प्रत्येक जीव में परमात्मा का वास है” समिति ने प्रशासन से मांग की है कि जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।


