– श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
भिण्ड। गहोई वैश्य नवयुवक मण्डल भिण्ड द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य रूप सज्जा, नृत्य एवं भजन गायन प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त गहोई सामुदायिक भवन शिवाजी नगर भिण्ड में किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा संरक्षक संतोष लहारिया ने तैयार की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में नवयुवक मण्डल के अध्यक्ष नीरज सेठ ने स्वागत भाषण दिया और मंचासीन अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत वंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेन्द्र बिलैया ने की, जिन्होंने समाज की मातृशक्ति, युवा शक्ति और बच्चों के प्रोत्साहन पर बल दिया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित प्रो. डॉ. आशीष सोनी सपत्नीक मंजरी सोनी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की और कहा कि इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ती है।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान राधा-कृष्ण, सीता, मीरा के जीवन से जुड़े विभिन्न स्वरूपों को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण, मीरा और माता सीता का अत्यंत मनमोहक रूप श्रृंगार किया गया था। सनातनी वेशभूषा में सजे इन बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। रूप सज्जा के साथ-साथ बच्चों ने मनमोहक भजनों का गायन किया और राधा-कृष्ण के गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मंच संचालन नवयुवक मण्डल के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता आदर्श कनकने ने किया। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी से कार्यक्रम में समां बांधे रखा। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर गहोई वैश्य सभा भिण्ड, नवयुवक मण्डल एवं महिला मण्डल के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य के साथ गहोई समाज के प्रबुद्धजन, मातृशक्ति और युवा साथी उपस्थित रहे।


