– ढिलाई बरतने वालों को दिए सख्त निर्देश
भिण्ड। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा के निर्देशन में नगर पालिका कार्यालय में सीएम हेल्पलाइन के तहत लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने की। समीक्षा के दौरान नगर पालिका के सभी संबंधित विभाग प्रभारियों और कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएमओ चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता में है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन अधिकारियों व कर्मचारियों के स्तर पर शिकायतें लंबे समय से अटकी हैं, उन्हें हिदायत दी गई कि वे नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की मॉनिटरिंग करें और बिना किसी विलंब के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी हुए सम्मानित
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर और संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने वाले कर्मचारियों के कार्य की सराहना की गई। सीएमओ ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने और तत्परता से काम करने की प्रेरणा मिल सके।
सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवार्ती ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर आने वाले आवेदनों का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान हमारी पहली प्राथमिकता है। सभी अधिकारी व कर्मचारी शिकायतों का दैनिक आधार पर फॉलो-अप लें और समय-सीमा में उनका निराकरण करें।


