– विधायक कुशवाह ने वाटर कूलर का किया लोकार्पण, युवाओं से किया आत्मीय संवाद
भिण्ड। एमजेएस ग्राउण्ड में नवीन सार्वजनिक पेयजल (वाटर कूलर) का उद्घटन कर आमजन एवं खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा समर्पित की गई। इस अवसर पर विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने वाटर कूलर का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने उपस्थित युवाओं से आत्मीय संवाद भी किया तथा उनकी आवश्यकताओं, सुझावों और अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने युवाओं से कहा कि क्षेत्र के विकास में उनकी सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, सकारात्मक सोच और रचनात्मक सुझाव क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार करना और युवाओं की आकांक्षाओं को समझकर उनके अनुरूप विकास कार्य करना हमारी प्राथमिकता है। भिण्ड में खेल सुविधाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों और युवाओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आने वाले समय में भी आवश्यकता के अनुसार क्षेत्र में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।
ज्ञात रहे कि एमजेएस ग्राउण्ड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी एवं आमजन विभिन्न गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यहां शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


