– आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
गोहद/भिण्ड। गोहद थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय एक महिला ने रिश्ते में लगने वाले जीजा पर उधारी की रकम लौटाने के बहाने खेत पर ले जाकर रात भर बंधक बनाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार गोहद कस्बे में रहने वाली 28 वर्षीय महिला ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। उसका आरोपी सुनील जाटव से रिश्तेदारी का संबंध है। महिला ने ब्यूटी पार्लर के संचालन से संबंधित काम के लिए आरोपी को कुछ रकम उधार दी थी। महिला के मुताबिक आरोपी ने रकम वापस करने की बात कहकर उसे भिण्ड बुलाया। आरोप है कि महिला को रकम देने के बहाने आरोपी उसे अपने खेत पर ले गया। वहां रात करीब 11 से सुबह 5 बजे तक उसे रोककर रखा। महिला ने पुलिस को दिए शिकायत आवेदन में आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता गुरुवार को गोहद थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


