– गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज के शौर्य, पराक्रम और गौरवशाली इतिहास का होगा गुणगान
– प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गुर्जर ने समाजजनों से बड़ी संख्या में पहुंचने का किया आह्वान
मेहगांव/भिण्ड। गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की जयंती के अवसर पर आगामी 6 सितंबर को मेहगांव में भव्य जयंती समारोह एवं विशाल चल समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर समाज जनों में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां एवं व्यापक जनसंपर्क अभियान जारी है।
राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्राट मिहिर भोज जयंती के अवसर पर मेहगांव में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम समाज की एकता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक बनेगा। आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जयंती समारोह के माध्यम से सम्राट मिहिर भोज के शौर्य, पराक्रम, राष्ट्ररक्षा और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समाज के महापुरुषों के सम्मान, सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने का संदेश भी दिया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि सम्राट मिहिर भोज का गौरवशाली इतिहास समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उत्सव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी वीरता, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण से नई पीढ़ी को परिचित कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के सम्मान के लिए एकजुट होकर आगे आना चाहिए। संगठित और जागरूक समाज ही अपने सम्मान एवं अधिकारों की मजबूत आवाज बन सकता है। मिहिर भोज जयंती के अवसर पर सामाजिक एकता और स्वाभिमान का संदेश पूरे क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा। आयोजन को लेकर मेहगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। समाज के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। चल समारोह एवं जयंती कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह गुर्जर ने समाज के सभी वरिष्ठजनों, युवाओं, मातृशक्ति एवं समाज बंधुओं से अपील की है कि 6 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में मेहगांव पहुंचकर सम्राट मिहिर भोज जयंती समारोह एवं भव्य चल समारोह में सहभागिता करें और आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाएं। इस अवसर पर अभा गुर्जर देवसेना के प्रदेश अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह गुर्जर, गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति के भिण्ड जिलाध्यक्ष पिंटू गुर्जर, पार्षद हेमंत गुर्जर, महेन्द्र सिंह गुर्जर, ऐंदल अहमाना, धर्मेन्द्र गुर्जर सहित तमाम समाजबंधु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


