– रूरई गांव के लोगों ने विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंचकर बिजली चालू कराने हेतु किया धरना प्रदर्शन
आलमपुर। लहार क्षेत्र में बिजली के खम्बों से तार चोरी होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अज्ञात चोर बीते मंगलवार की रात में आलमपुर क्षेत्र के ग्राम अरूसी में बने विद्युत उपकेन्द्र से ग्राम रूरई के लिए आई हाईटेंशन विद्युत लाइन के 11 बिजली के खंबो से एल्यूमिनियम तार काटकर चोरी कर ले गए है। जिसकी कीमत लाखों रूपये बताई जा रही है। बिजली की लाइन के तार चोरी होने से ग्राम रूरई के किसानों के पंप फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
बताया गया है कि विद्युत उपकेन्द्र अरूसी से ग्राम रूरई के पंप फीडर तथा आबादी फीडर की बिजली आपूर्ति होती है। मंगलवार की रात में अज्ञात चोर अरूसी से रूरई के लिए आई हाईटेंशन बिजली लाइन के 11 खम्बों के तार काटकर चोरी कर ले गए है। बुधवार को सुबह जब गांव के लोगों को उनके पंप फीडर से एकसाथ 11 बिजली के खम्बों से तार चोरी होने की खबर मिली तो आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीणजन ग्राम अरूसी विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंच गए और आक्रोशित ग्रामीणजनों ने धरना-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि रूरई गांव के पंप फीडर की बिजली आपूर्ति जल्द ही चालू की जाए। अन्यथा हम किसानों की धान की फसल सूखकर खराब हो जाएगी।
विद्युत मण्डल कार्यालय आलमपुर में पदस्थ जेई अशोक कुमार डावर ने बताया कि आलमपुर पुलिस को रूरई फीडर से तार चोरी होने की अभी मौखिक रूप से सूचना दी गई है। पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु पत्र भेजा जा रहा है। विदित हो कि लहार क्षेत्र में बिजली के खम्बों से तार चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा हैं। इस घटना से पहले भी अज्ञात चोर लहार क्षेत्र के कई गांवों में बिजली के खम्बों से लाखों रुपए का तार काटकर चोरी कर चुके हैं। और अब अज्ञात चोरों ने ग्राम रूरई अरूसी के बीच से रूरई पंप फीडर के तार काट लिए है।


