– राजस्व वसूली और अवैध निर्माण पर सख्ती के दिए निर्देश
भिण्ड। नगर पालिका परिषद भिण्ड के नए सीएमओ के रूप में वीरेन्द्र चक्रवर्ती ने औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार सम्हालते ही उन्होंने कार्यालय का जायजा लिया और नगर पालिका कर्मचारियों एवं सभी वार्ड प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
नवागत सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पालिका में आने वाली आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों को हिदायत दी कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और बिना किसी देरी के किया जाए। उन्होंने नगर पालिका की राजस्व वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने वार्ड प्रभारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नगर पालिका के टैक्स एवं बकाया राजस्व की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शहर में बिना अनुमति (परमिशन) के हो रहे अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में यदि कहीं भी बिना परमिशन के निर्माण कार्य पाया जाता है, तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
मूलभूत सुविधाएं बनाना प्राथमिकता
पत्रकारों से चर्चा करते हुए नवागत सीएमओ ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट प्रबंध और सुचारू जल निकासी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने भिण्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगरवासियों से भी सहयोग की अपील की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।


