– एनजीटी के निर्देशों के तहत हुई सख्त कार्रवाई
भिण्ड। एनजीटी के सख्त निर्देशों के पालन में मंगलवार को भिण्ड के ऐतिहासिक गौरी सरोवर किनारे नगर पालिका और पुलिस बल के साथ पहुंचे प्रशासनिक अमले ने गौरी सरोवर के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण, डिब्बेनुमा ढांचों और गुमठियों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा, नगर पालिका सीएमओ वीरेन्द्र चक्रवर्ती, थाना प्रभारी शहर कोतवाली मुकेश शाक्य, सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
गौरी सरोवर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एनजीटी के सख्त आदेशों का हवाला देकर यह मुहिम चलाई गई। पिछले काफी समय से सरोवर के किनारों पर दुकानदारों ने डिब्बेनुमा अवैध ढांचे और गुमठियां लगाकर रास्ते को संकरा बना दिया था, जिससे झील के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा था।
अधिकारियों की मौजूदगी में मैदान में उतरीं जेसीबी
प्रशासनिक टीम जब भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ गौरी किनारे पहुंची, तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका की जेसीबी ने देखते ही देखते सड़क और सरोवर किनारे बनी दर्जनों गुमठियों और अवैध कब्जों को ढहा दिया।


