– पीड़ित परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
भिण्ड। दबोह थाना क्षेत्र के ग्राम अमाहा में 10 वर्षीय बच्ची पूर्वी की मौत हो गई। मृतका के पिता रविन्द्र दोहरे ने दबोह थाने पहुंचकर एक लिखित आवेदन दिया है। जिस पर दबोह पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
पुलिस के अनुसार मृतक बच्ची के पेट में दर्द की समस्या होने पर परिजनों द्वारा स्थानीय दुकान से दवा दिलाई गई थी। परिजनों के अनुसार दवा लेने के बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत खराब होने पर परिजन उसे उपचार के लिए लहार लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिजनों ने दबोह थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बच्ची की तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी और घटना से जुड़े अन्य तथ्य क्या का पता लगाने में जुट गई है। चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल बच्ची की मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी अंतिम पुष्टि जांच एवं चिकित्सकीय रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी। इसलिए अभी यह स्पष्ट रूप से कहना उचित नहीं होगा कि बच्ची की मौत केवल दवा के सेवन के कारण हुई। पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


