– संत समाज के जिला अध्यक्ष एवं फौजी संघ ने किया सम्मानित
मेहगांव। ‘सरहद पर देश की रक्षा और सरहद के बाहर इंसानियत का फर्जÓ इस कहावत को भारतीय सेना के जवान शैलेन्द्र सिंह गुर्जर ने सच कर दिखाया है। रक्षा बंधन के पवित्र त्योहार पर जहां लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं इस जाबांज फौजी ने एक घायल व्यक्ति की जान बचाकर सच्चे मायनों में रक्षा का फर्ज निभाया।
जानकारी के अनुसार फौजी शैलेन्द्र सिंह गुर्जर रक्षाबंधन के दिन अपनी बहन से राखी बंधवाकर गोहद से लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-719 (ग्वालियर-भिण्ड मार्ग) पर गोहद चौराहे से पहले गिंगरखी के पास उन्होंने एक युवक को बेहद गंभीर और घायल अवस्था में सड़क पर पड़े देखा। घायल की पहचान जोहार सिंह पुत्र विजय सिंह भदौरिया निवासी ग्राम गिंगरखी के रूप में हुई। फौजी शैलेन्द्र सिंह ने बिना एक पल गंवाए इंसानियत का परिचय दिया। आरक्षक पातीराम सिकरवार की मदद से घायल जोहार सिंह को तुरंत अपनी बाइक पर उठाया और सीधे गोहद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर के बिरला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फौजी की समय पर की गई मदद के कारण युवक की जान बच सकी और वह फिलहाल बिरला अस्पताल में स्वस्थ एवं उपचाराधीन हैं।
संत समाज के जिला अध्यक्ष कालीदास महाराज और फौजी संगठन ने पातीराम सिकरवार का एवं आर्मी के जवान के इस सराहनीय और साहसिक कार्य के लिए जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज एवं फौजी संगठन द्वारा उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कालिदास महाराज ने कहा कि सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त और घायल व्यक्तियों की मदद करना ही इंसानियत का सबसे बड़ा फर्ज और धर्म है। एनएच-719 ग्वालियर-भिण्ड मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, ऐसे में हर नागरिक को फौजी शैलेन्द्र सिंह से प्रेरणा लेकर तत्परता से घायलों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। फौजी शैलेन्द्र सिंह गुर्जर के इस जज्बे और नेक कार्य की पूरे इलाके में जमकर प्रशंसा हो रही है।


