– संघ द्वारा युवा संवाद का आयोजन
भिण्ड ब्यूरो – राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में युवा संवाद का आयोजन रविवार को बद्रीप्रसाद की बगिया में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मध्य भारत प्रांत के प्रांत कार्यवाह हेमंत सेठिया, जिला संघ चालक रामशरण पुरोहित एवं मुख्य अतिथि सहायक प्रबंधक जिला चिकित्सालय भिण्ड साकेत चौरसिया मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता पूजन एवं वंदे मातरम गायन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता हेमंत सेठिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन युवा शक्ति के माध्यम से ही संभव है। युवाओं के विचारों में भारत का वर्तमान एवं भविष्य समाहित है उनके संकल्पों में परिवर्तन की अपार क्षमता है। यह संवाद युवाओं को उनकी अंतर्निहित बौद्धिक, शारीरिक, मानसिक शक्तियों से परिचित कराता है और उन्हें राष्ट्र एवं समाज हित में सकारात्मक दिशा में उपयोग करने का संदेश देता है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक द्वारा आयोजित इस युवा संवाद का उद्देश्य हमारे युवाओं में नेतृत्व, राष्ट्र प्रेम, अनुशासन एवं सामाजिक दायित्व के भाव को जागृत करना एवं युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करता है। भारतीय गौरवशाली ज्ञान परंपरा एवं बौद्धिक इतिहास आज के युवाओं को न केवल मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाता है बल्कि विषम परिस्थितियों में सही दिशा में निर्णय लेने का साहस प्रदान करता है। भारत के विश्व गुरु बनने के सपने को युवा शक्ति द्वारा ही साकार किया जा सकता है। आज के युवाओं को अपनी संस्कृति, संस्कार एवं मानव जीवन मूल्यों को जीवित बनाए रखने तथा गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक चेतना से गहराई से जुड़ने की आवश्यकता है। आज के युवा को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़कर कार्य करना होगा तभी हम एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले विभिन्न विचारों को समझना होगा और यह सोचना होगा कि यह विचार सकारात्मक है या नकारात्मक। साथ ही अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर केवल सकारात्मक एवं राष्ट्रहित के विचारों को ही आगे बढ़ाना चाहिए। वर्तमान समय में युवाओं को विभिन्न जाति-पात से हटकर समरसता पर कार्य करना चाहिए एवं आज का युवा नागरिक कर्तव्यों का पालन करने वाला हो जिससे समाज में सकारात्मक संदेश के साथ राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर हो। युवा संवाद में मुख्य वक्ता द्वारा युवाओं की विविध जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं की चयनित 22 विविध श्रेणियां से लगभग 200 युवाओं की उपस्थिति रही।


