भिण्ड,ब्यूरो – मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल के निर्देशानुसार 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले के सभी शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थानों में महर्षि सांदीपनि गुरू पर्व के रूप में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में मां सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण, सरस्वती वंदना, गुरुजनों का सम्मान, व्याख्यान, छात्र-शिक्षक संवाद, साहित्यिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनभागीदारी पर विशेष बल रहेगा।
श्रद्धा, संस्कृति और संस्कार:
गुरु को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने वाली शक्ति मानते हुए इस आयोजन का उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। संस्कृति विभाग द्वारा महर्षि सांदीपनि के जीवन पर ई-एल्बम, बुकलेट और मानक चित्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्कूल-कॉलेजों में एकरूप और सार्थक प्रस्तुति सुनिश्चित हो सकेगी।
-मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष पहल:
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की 64 कलाओं और 14 विद्याओं पर आधारित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को 1,00,000 की एकमुश्त छात्रवृत्ति देने की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। इससे शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहन मिलेगा और विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक ऊर्जा बढ़ेगी।
जनभागीदारी और समाज संदेश:
प्रशासन ने आमजन को भी प्रेरित करने का आग्रह किया है कि वे अपने शैक्षणिक और आध्यात्मिक गुरुजनों के सम्मान में स्कूलों-कॉलेजों में छात्रवृत्ति, पदक, पुरस्कार स्थापित करें, साथ ही पौधरोपण और स्वास्थ्य शिविर जैसे सेवा कार्य भी करें। स्थानीय संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से यह पर्व एक व्यापक जनअभियान के रूप में मनाया जाएगा।


