इंसानियत समिति ने खरीदी 8 लाख रुपए की पशु एंबुलेंस
– न शासन का सहारा, न सरकारी मदद, जन सहयोग से जुटाई राशि
भिण्ड ब्यूरो – मानवता और पशु सेवा के क्षेत्र में विगत 14 साल से कार्यरत इंसानियत युवा मण्डल समिति ने करीब 8 लाख की लागत से एक पशु एंबुलेंस खरीदी है। यह एंबुलेस जिले एवं आस-पास के क्षेत्रों में घायल बीमार और असहाय पशुओं के त्वरित रेस्क्यू एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समिति के अध्यक्ष अनंत इंसानियत ने बताया कि पिछले कई वर्षों से पशुओं के रेस्क्यू कार्य के दौरान परिवहन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता था। कई बार घायल पशुओं तक समय पर पहुंचना संभव नहीं हो पाता था जिससे उनकी स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा बिना किसी शासन और प्रशासन की सहायता के लगातार कई वर्षों तक संसाधन जुटाने और काफी प्रयास के बाद यह सपना साकार हो सका है।
अनंत ने बातया कि इस एंबुलेंस को खरीदने के लिए समिति के सदस्यों ने अपनी मेहनत की कमाई से पाई-पाई जोड़कर इस सपने को पूरा किया है। सपने को साकार करने में कई ऐसे लोगों का भी सहयोग रहा है, जिन्होंने अपना नाम पूर्णत: गुप्त रखने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि कई बार अनेक पशुओं का रेस्क्यू हम केवल इसलिए नहीं कर पाते थे क्योंकि हमारे पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होते थे। यदि किसी तरह हम रेस्क्यू स्थल तक पहुंच भी जाते थे तो घायल पशुओं को दोपहिया वाहन पर आश्रम तक लाना अत्यंत कठिन होता था। यही कारण था जिसने हमें पशु एंबुलेंस खरीदने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष ने कहा कि यह एंबुलेंस केवल एक वाहन नहीं बल्कि हजारों जीवों के लिए जीवन की नई उम्मीद है। उन्होंने बताया कि संस्था करीब 4500 श्वानों, 700 वानरों तथा लगभग 20 हजार पक्षियों का सफल उपचार कर उन्हें पुन: सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ चुकी है।


