अटेर के विकास को मिली नई शक्ति, अटेर पुल के शेष निर्माण हेतु श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उठाया बड़ा कदम, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भिण्ड ब्यूरो – अटेर विधानसभा क्षेत्र के विकास और लाखों लोगों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्रीमंत महाराज श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने एक बड़ी एवं निर्णायक पहल करते हुए उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर चंबल नदी पर निर्मित अटेर पुल के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु वन विभाग की लंबित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) तत्काल जारी करने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि अटेर पुल केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि अटेर विधानसभा, भिण्ड जिले तथा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों नागरिकों की आकांक्षाओं, विकास और समृद्धि का प्रतीक है। पुल के निर्माण से दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। वर्षों से क्षेत्र की जनता इस पुल के पूर्ण होने की प्रतीक्षा कर रही है, किंतु उत्तर प्रदेश की सीमा में वन विभाग की आवश्यक अनुमति लंबित होने के कारण इसका शेष निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
इस जनहित के महत्वपूर्ण विषय को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा, भिण्ड के जिला उपाध्यक्ष एवं ब्राह्मण अंतर्राष्ट्रीय संगठन ट्रस्ट के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष शिवशंकर समाधिया खेरी लगातार क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन एवं वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाते रहे हैं। उन्होंने अटेर क्षेत्र की जनता की ओर से इस विषय को प्रमुखता के साथ श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के समक्ष रखा और पुल के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।
जनता की भावनाओं एवं क्षेत्र के विकास को सर्वोपरि मानते हुए श्रीमंत महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने तत्काल संज्ञान लिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा आवश्यक एनओसी जारी कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर आशीष शिवशंकर समाधिया खेरी ने कहा कि अटेर पुल का निर्माण पूर्ण होना अटेर विधानसभा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सिद्ध होगा। इससे हजारों किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा दोनों राज्यों के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
श्री समाधिया ने कहा कि श्रीमंत महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया जी सदैव अटेर विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहे हैं और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। चाहे सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा या आधारभूत संरचना का विषय हो, महाराज ने हर मुद्दे पर जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का प्रयास किया है। अटेर पुल के संबंध में उनकी यह पहल भी क्षेत्र की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विकासवादी सोच का परिचायक है।
उन्होंने अटेर विधानसभा की समस्त जनता की ओर से श्रीमंत महाराज का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अटेर क्षेत्र को पूर्ण विश्वास है कि महाराज के प्रयासों से शीघ्र ही सभी प्रशासनिक औपचारिकताएँ पूर्ण होंगी और वर्षों से लंबित अटेर पुल का सपना साकार होकर यह पुल जनता को समर्पित किया जाएगा।
श्री समाधिया ने कहा कि अटेर के विकास, क्षेत्र की प्रगति और जनहित के प्रत्येक मुद्दे को लेकर वे निरंतर जनता की आवाज बनकर कार्य करते रहेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
अटेर क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं ने भी श्रीमंत महाराज द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम का स्वागत करते हुए इसे अटेर विधानसभा के विकास की दिशा में एक निर्णायक पहल बताया है।


