– कलेक्टर ने 84 आवेदनों पर दिए कार्रवाई के निर्देश
भिण्ड, 23 जून। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई में जनसामान्य की शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय एवं डिप्टी कलेक्टर ने भी जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान 84 से अधिक आवेदन आए जिन पर संबंधितों को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में ग्राम भारौली का पुरा निवासी रामबहादुर पुत्र हरदयाल ने ट्राइसाइकिल दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तत्काल कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग अधिकारियों को निर्देशित कर आवेदक रामबहादुर को ट्राइसाइकिल तत्काल उपलब्ध कराई। जनसुनवाई कके दौरान कलेक्टर ने गंभीर बीमारी से संबंधित इलाज, विद्युत बिलों में सुधार, हैण्डपंपों का संधारण, पेंशन, सड़क दुघर्टना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड एवं जमीन पर कब्जा से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।


