– जिला खेल अधिकारी खान ने बताया खेल और स्वास्थ्य का संबंध
– सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
भिण्ड, 22 जून। किशोरी स्पोर्ट्स क्लब एवं विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित समर कैम्प का आज भव्य समापन हुआ। विगत एक माह से लगातार चल रहे इस शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला न्यायाधीश दिलीप गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला खेल अधिकारी आजम खान मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के संचालक एवं वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव ने शिविर की विस्तृत गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस एक माह के दौरान बच्चों को तैराकी, सेल्फ डिफेंस, व्यक्तित्व विकास (पर्सनैलिटी डेवलपमेंट), कराटे और अन्य खेल गतिविधियों का सघन प्रशिक्षण दिया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बालक-बालिकाओं का सर्वांगीण विकास करना है।
अनुशासन जीवन को उत्कृष्टता की ओर ले जाता है: जिला न्यायाधीश
मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश दिलीप गुप्ता ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए अपने बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने बच्चों को ईमानदारी और अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि यदि हम बचपन से ही अनुशासन को अपने जीवन में ढाल लेते हैं, तो यह गुण हमारे व्यक्तित्व का स्थायी हिस्सा बन जाता है। यही अनुशासन आगे चलकर हमारे जीवन को सरल बनाता है और हमें उत्कृष्टता की ओर ले जाता है।
स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास: जिला खेल अधिकारी
विशिष्ट अतिथि जिला खेल अधिकारी आजिम खान ने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी करने से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। एक स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का विकास होता है, जो बच्चों की पढ़ाई में भी बेहद मददगार साबित होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समर कैम्प बच्चों के बाल मन में खेल भावना और जीवन में सामंजस्य बिठाने के अनमोल गुण विकसित करते हैं।
प्रतिभाएं और खेल प्रशिक्षक हुए सम्मानित
समापन समारोह में समर कैम्प में भाग लेने वाले सभी बाल प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खेल प्रशिक्षकों- निश्चल यादव, श्रेया यादव, सत्या तोमर एवं माधवी चौधरी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नकद राशि भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गगन शर्मा ने एवं अंत में आभार प्रदर्शन शिक्षक बदन बघेल ने किया।
कार्यक्रम में बृजगोपाल यादव, भाजपा जिला मंत्री राहुल यादव, प्रवेन्द्र शर्मा, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया, राजीव यादव, नितिन दहक्षित, जयदीप सिंह राजावत, धर्मेन्द्र तोमर, रामबाबू शर्मा, जयप्रकाश त्रिपाठी, विनय बाजपेई सहित शहर के गणमान्य नागरिक और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।


