– डिप्टी कलेक्टर ने महावीर गंज एवं सुभाष नगर स्कूलों का किया निरीक्षण
भिण्ड, 22 जून। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर एवं जिला परियोजना समन्वयक महेन्द्र सिंह सौजन्या, बीआरसीसी भिण्ड पीएस तोमर एवं एपीसी (ईएण्डआर) रंधौर सिंह यादव ने कार्यालय जनपद शिक्षा केन्द्र भिण्ड अंतर्गत शामावि महावीरगंज एवं शामावि सुभाष नगर भिण्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया गया।
अवलोकन के दौरान शामावि महावीरगंज में छात्र उपस्थिति संख्या न्यून पाई गई, शिक्षकों के द्वारा उपस्थिति बढ़ाने हेतु प्रयास नहीं किया गया है, पालकों से संपर्क भी नहीं किया गया, न ही पालक संपर्क पंजी का संधारण किया गया। इसके अतिरिक्त शाला की समय सारणी, शाला प्रबंधन समिति की बैठक एवं परिसर में उपलब्ध भवन शौचालय की मरम्मत एवं रखरखाव नहीं किया जाना पाया गया साथ ही अपार आईडी का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण होना नहीं पाया गया। उक्त स्थिति को देखते हुए प्रधानाध्यापक सुनीता शर्मा, माशि मदनमोहन मिश्रा, राजीव सिंह तोमर एवं मनीष कुमार जोशी को उनके द्वारा की जा रही अनुशासनहीनता, पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता के चलते कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
इसी क्रम शामावि सुभाष नगर भिण्ड में छात्र उपस्थिति संख्या न्यून पाई गई, शिक्षकों के द्वारा उपस्थिति बढ़ाने हेतु प्रयास नहीं किया गया। पालकों से संपर्क भी नहीं किया गया और न ही पालक संपर्क पंजी का संधारण किया गया। इसके अतिरिक्त शाला की समय सारणी, शाला प्रबंधन समिति की बैठक एवं परिसर में उपलब्ध भवन शौचालय की मरम्मत एवं रखरखाव नहीं किया जाना पाया गया साथ ही अपार आईडी का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण होना नहीं पाया गया एवं एफएलएन योजना का क्रियान्वयन नहीं किया जाना पाया गया। अपने कार्य के प्रति विपरीत स्थिति को देखकर प्रभारी प्रधानाध्यापक महावीर प्रसाद सोनी, प्राशि सीमा जाटव, नीलम मिश्रा को उक्त कार्य की अनुशासनहीनता पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता के चलते कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। जारी कारण बताओ सूचना पत्र में अपना स्पष्टीकरण समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने हेतु निर्देशित किया गया है। स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने अथवा संतोष जनक न होने की स्थिति में सम्बंधितों के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। शालाओं में संचालित की जारी गतिविधियों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार का कार्य के प्रति उदासीनता, अनुशासनहीनता, लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगा।


