– वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी बैठक
ग्वालियर, 22 जून। रबी वर्ष 2025-26 की समीक्षा एवं खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों के लिए संभागीय समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 24 जून को आयोजित होगी। समीक्षा बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंकरण विभाग और सहकारी विभाग के संबंध में होगी। द्वितीय चरण में दोपहर 3 बजे से पशुपालन, डेयरी विकास, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विभाग के संबंध में समीक्षा की जाएगी।
कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिला कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण शामिल होंगे। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने ग्वालियर संभाग के सभी जिला कलेक्टरों को कृषि उत्पादन के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले की विस्तृत जानकारी के साथ उपस्थित रहने को कहा है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की जानकारी के साथ गूगल मीट के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

