– दबोह थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित
भिण्ड, 21 जून। आगामी त्योहारों को शांति, सुरक्षा और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने की।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित नागरिकों से पहले परिचय-प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने संवाद करते हुए कहा कि दबोह हमेशा से ही गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक आगामी त्यौहारों को पारंपरिक हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। त्यौहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों व असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस दौरान नगर की बिजली, पानी, और साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि त्योहारों के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और विश्वास जताया कि हर बार की तरह इस बार भी सभी त्यौहार शांति और सौहार्द के वातावरण में संपन्न होंगे। बैठक में उपनिरीक्षक भानु चौहान, प्रधान आरक्षक आवेध खान, ताजिया कमेटी के कार्यबाहक अध्यक्ष रफीक खान, वरिष्ठ नेता शिव नारायण दुबे, पूर्व नप अध्यक्ष रूप नारायण खटीक, पूर्व पार्षद शेरे खान, हृदेश नायक, रियाज खान, सलमान खान, फरियाद खान सहित नगर के प्रबुद्ध नागरिक, विभिन्न समुदायों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।


