– भारत विकास परिषद का बाल संस्कार शिविर का षष्ठम दिवस
भिण्ड, 16 जून। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा मां निरंजना देवी मन्दिर परिसर 17 बटालियन इटावा रोड भिण्ड पर चल रहे बाल संस्कार शिविर का षष्टम दिवस एजुडेंट एसएएफ बटालियन प्रशांत सिंह भदौरिया, समाजसेवी भरत चतुर्वेदी, विभाग प्रमुख विवेकानंद केन्द्र उपेन्द्र मिश्रा के आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्पांजलि कर किया। प्रारंभ में शाखा अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने स्वागत भाषण के साथ भारत विकास परिषद की जानकारी एवं चल रहे सात दिवसीय शिविर का प्रतिवेदन रखा।
शिविर के मुख्य अतिथि भरत चतुर्वेदी ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसके लिए निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। संस्कार शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अच्छे संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। माता-पिता का सम्मान करना, गुरुजनों की आज्ञा का पालन करना तथा बड़ों के प्रति आदरभाव रखना भारतीय संस्कृति की पहचान है। बचपन में अच्छे संस्कार मिल जाएं तो जीवन की राह सरल और सफल हो जाती है।
एजुडेंट प्रशांत सिंह भदौरिया ने भारत विकास परिषद की सराहना करते हुए कहा कि परिषद द्वारा आयोजित बाल संस्कार शिविर समाज में संस्कारित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी बच्चों से राष्ट्र प्रेम, अनुशासन, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। बाल्यावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण काल होता है, क्योंकि इसी समय प्राप्त संस्कार और आदतें व्यक्ति के भविष्य का निर्माण करती हैं। संस्कारवान बालक ही आगे चलकर आदर्श नागरिक, सफल व्यक्तित्व और राष्ट्र के जिम्मेदार व्यक्ति बनते हैं। बच्चों द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता की विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार दिया गया। उपेन्द्र मिश्रा ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के खेल खिलाए और बच्चों को खेल-खेल में रोचक तरीके से स्वस्थ रहने की कला, ध्यान, प्राणायाम, गुरु एवं माता पिता का आज्ञा पालन एवं अनुशासन, महापुरुषों की जीवनी, प्रेरणाप्रद संस्मरण, बालनीति कथाएं, जीवन जीने की कला, विविध प्रयोग, मनोरंजक खेल, खो-खो, कबड्डी आदि खिलाए गए, बच्चों ने इत्यादि गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। शिविर में बच्चों से देशभक्ति से जुड़े प्रश्नों के साथ-साथ महाभारत, रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथों पर आधारित सवाल पूछे गए, जिनका बच्चों ने बढ़-चढ़कर जवाब दिया। राष्ट्रगान के साथ शिविर को विश्राम दिया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, सचिव राजमणि शर्मा, कोषाध्यक्ष रेखा भदौरिया, अशोक शर्मा, अजय बसेड़िया, राधामोहन चौबे, गणेश भारद्वाज, मोहित दीक्षित, मधुकांता चौहान, सपना दुबे, बच्चों के अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


