– दो माह से वेतन न मिलने से मिहोना में सफाई कर्मचारी बैठे धरने पर
भिण्ड, 16 जून। हाल ही में नगर पालिका, नगर परिषद सीएमओ के स्थानांतरण के बाद गंभीर अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। जिले में स्थानांतरित किए गए सीएमओ ने अभी तक अपने प्रभार ग्रहण नहीं किए हैं। जिससे नगर पालिका एवं परिषदों में लोगों के कार्य लंबित पड़े हैं तथा कर्मचारियों के भुगतान होने में समस्या आ रही है। जिसके चलते सफाई कर्माचारियों में रोष देखने को मिल रहा है। गत दिवस मिहोना में नाराज सफाई कमचारियों ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर कार्यालय का घेराव किया।
हमारे मिहोना प्रतिनिधि के अनुसार इस समय नगर के लोग साफ सफाई एवं पेयजल की विकराल समस्य जूझ रहे हैं। वहीं दो माह से वेतन न मिलने नाराज मिहोना नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठ गए हैं। नगर परिषद में सीएमओ न होने से जल समस्या से लेकर साफ सफाई की व्यवस्था बिगड़ गई है। वार्ड 12 लहार रोड स्थित बोरबेल की मोटर एक सप्ताह से फुंकी हुई है पर कोई जिम्मेदार अधिकारी न होने नपा ध्यान नहीं दे रही।
मिहोना के प्रभारी मुख्य नपा अधिकारी रमाशंकर शर्मा का प्रभार 26 मई को प्रभार हटने के बाद से नपा का प्रभार का आदेश महेश पुरोहित को दिया गया था। लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया। इस कारण सीएमओ विहीन मिहोना नप के कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन 15 जून को सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय में व मिहोना तहसील कार्यालय में आवेदन दिया पर उनकी समस्या किसी ने नहीं सुनी और ना अधिकारियों द्वारा आवेदन नहीं लिया गया, जिससे सफाई कर्मचारी नपा कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं।
पंचायतों में भी यही हाल
यही हाल ग्राम पंचायतों में देखने को मिल रहा है। अभी हाल ही में शासन द्वारा पंचायत सचिवों के भी स्थानांतरण किए हैं, जिसमें रिक्त हुईं कुछ पंचायतों में सचिव न होने के कारण उन्हीं सचिवों को उन पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। जिसके चलते काम के प्रेशर को लेकर सचिवों ने अपनी नवीन पंचायतों का प्रभार अभी तक नहीं लिया है। जिससे ग्राम विकास कार्यों में बाधाएं आ रही हैं। वहीं ग्रामीण अपने कार्य कराने के लिए परेशान हो रहे हैं।


