– बोले- इमरजेंसी सेवाओं में तैनात रहें पर्याप्त डॉक्टर, मरीजों को न हो कोई परेशानी
भिण्ड, 15 जून। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा अचानक जिला अस्पताल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने न केवल ओपीडी, वार्डों और दवा वितरण केन्द्र का बारीकी से जायजा लिया, बल्कि भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के पास जाकर उनसे सीधे संवाद भी किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सख्त लहजे में हिदायत दी कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवाओं की समीक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रबंधन को निर्देशित किया कि इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घण्टे पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में आने वाले गंभीर मरीजों को बिना किसी देरी के तुरंत इलाज मिल सके।
वार्डों में जाकर जाना मरीजों का हाल
कलेक्टर ने ओपीडी और विभिन्न वार्डों के अंदर जाकर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने मरीजों के बेड के पास जाकर उनसे पूछा कि उन्हें समय पर दवाएं, डॉक्टर और भोजन मिल रहा है या नहीं। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए। मरीजों या उनके परिजनों की ओर से आने वाली किसी भी शिकायत का तत्काल निराकरण होना चाहिए।
सफाई और दवा उपलब्धता पर पैनी नजर रखने के निर्देश
अस्पताल परिसर और वार्डों में स्वच्छता का स्तर बनाए रखने के लिए कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने दवा वितरण केन्द्र का निरीक्षण कर स्टॉक की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। दवाओं की उपलब्धता और उनकी गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाए और यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उस पर तुरंत एक्शन लिया जाए।
लापरवाही पर मिलेगी सख्त सजा
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही सामने आई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


