भारत की संस्कृति सदैव प्रकृति पूजक रही : डॉ. बंसल
– भारत विकास परिषद के बाल संस्कार शिविर का पंचम दिवस
भिण्ड, 15 जून। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा मां निरजना देवी मन्दिर परिसर 17 बटालियन इटावा रोड पर चल रहे बाल संस्कार शिविर का पंचम दिवस डिप्टी रेंजर उदय सिंह भदौरिया, प्रांत गतिविधि प्रमुख डॉ. हिमांशु बंसल, डॉ. साकार तिवारी के आतिथ्य में संपन्न हुआ। अतिथियों ने मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शिविर के मुख्य अतिथि उदय सिंह भदौरिया ने कहा कि पर्यावरण केवल पेड़-पौधों और नदियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन का आधार है। स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण के बिना मानव जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन में अपना योगदान दे। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने जन्मदिन, पर्व और विशेष अवसरों पर पौधारोपण करें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि एक वृक्ष अपने जीवनकाल में हजारों लोगों को ऑक्सीजन प्रदान करता है तथा पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रांतीय पदाधिकारी डॉ. बंसल ने बच्चों को मार्गदर्शित करते हुए बच्चों को स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कपड़े या जूट के थैले अपनाएं तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। बच्चों के द्वारा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने पर्यावरण विषय पर बाढ़-चल कर भाग लिया एवं चित्रकला से पेंटिंग तैयार की। बच्चों के द्वारा परिसर में ग्यारह पौधों का रोपण किया गया।
प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल- खेल में रोचक तरीके से स्वस्थ रहने की कला, ध्यान, प्राणायाम, गुरु एवं माता पिता का आज्ञा पालन एवं अनुशासन, महापुरुषों की जीवनी, प्रेरणाप्रद संस्मरण, बालनीति कथाएं, जीवन जीने की कला, विविध प्रयोग, मनोरंजक खेल, खो-खो, कबड्डी आदि खिलाए गए, बच्चों ने इत्यादि गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। शिविर में बच्चों से देशभक्ति से जुड़े प्रश्नों के साथ-साथ महाभारत, रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथों पर आधारित सवाल पूछे गए, जिनका बच्चों ने बढ़-चढ़कर जवाब दिया। राष्ट्रगान के साथ शिविर को विश्राम दिया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, शाखा सचिव राजमणि शर्मा, कोषाध्यक्ष रेखा भदौरिया, दशरथ जोशी, अशोक शर्मा, अजय बसेड़िया, राधा मोहन चौबे, रश्मि खटीक, रवि राजावत, शिवमोहन जोशी एवं बच्चों के अभिभावक, गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।


