– कांग्रेस ने सरकार से की स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति की मांग
भिण्ड, 12 जून। ग्रामीण कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने जिले के एक शासकीय नवोदय विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी, आधारभूत सुविधाओं के अभाव तथा विद्यालय की भूमि संबंधी विवाद को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार एवं शिक्षा विभाग से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर विद्यालयों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। विद्यालय में स्थायी प्राचार्य एवं पर्याप्त संख्या में स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत शिक्षक पद रिक्त हैं तथा आधे से अधिक पद खाली पड़े हुए हैं,जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में मात्र 14 शिक्षक कार्यरत हैं,जबकि विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए कम से कम 30 शिक्षकों की आवश्यकता है। वर्तमान में विद्यालय में लगभग 548 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि विद्यालय की क्षमता लगभग 560 विद्यार्थियों की है। ऐसे में शिक्षकों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना कठिन हो रहा है।
बघेल ने कहा कि विद्यालय की भूमि को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। विद्यालय की पुरानी भवन भूमि पर विवाद चल रहा है तथा विद्यालय के समीप खेल मैदान के पास पानी भरने की समस्या के कारण कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। इस ओर प्रशासन को तत्काल ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी, उस समय परशुराम समिति द्वारा भूमि दान स्वरूप उपलब्ध कराई गई थी। वर्तमान में उसी भूमि को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है, जिससे विद्यालय के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रमुख मांगें
विद्यालय में स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति की जाए। स्थाई शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की जाए। रिक्त पड़े शिक्षक पदों को तत्काल भरा जाए। विद्यालय में शिक्षकों की संख्या बढ़ाकर आवश्यक मानक के अनुसार की जाए। विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान के आसपास जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। विद्यालय की भूमि संबंधी विवाद का शीघ्र निराकरण कराया जाए। विद्यार्थियों के हित में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
बघेल ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि शिक्षकों की कमी, आधारभूत सुविधाओं का अभाव और भूमि विवाद जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता डॉ. शिवेन्द्र सिंह कुशवाह, नगर अध्यक्ष रौन बच्चन लाल बघेल, अभिलाख सिंह यादव, विवेक जामौर, संदीप बघेल, अभिषेक मौर्य, रामनरेश बघेल, प्रमोद बघेल आदि उपस्थित रहे।


