– स्वस्थ खानपान से ही बनेगा स्वस्थ भविष्य : डॉ. डीके शर्मा
– भाविप शाखा भिण्ड के बाल संस्कार शिविर का द्वितीय दिवस
भिण्ड, 12 जून। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा मां निरंजना देवी मन्दिर परिसर एसएएफ 17 बटालियन में चल रहे बाल संस्कार शिविर के द्वितीय दिवस की गतिविधि समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल शर्मा, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी केजी शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डीके शर्मा, उपनिरीक्षक कृष्णा साहू, समाजसेवी रामबाबू शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा के आतिथ्य में संपन्न हुई।
बच्चों को मार्गदर्शित करते हुए विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी केजी शर्मा ने कहा कि बालकों को संस्कारवार बनाने में मुख्य तीन चीजें हैं- परिवार, पाठशाला और समाज, आज तीनों की स्थिति बड़ी दयनीय और चिंताजनक होती जा रही है। जहां नवीन पीढ़ी भटक रही है, वहीं भारत विकास परिषद जैसी संस्थाएं हमारे बच्चों को समाज के प्रति संस्कार युक्त नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से सामाजिक दिशा देने का काम कर रही है। बच्चों के समग्र विकास के लिए भारत विकास परिषद का कार्य सराहनीय है, मानव संस्कार द्वारा ही द्विज, श्रेष्ठ बनता है। संस्कारों से ही मनुष्य में देवत्व का उदय होता है। बाल संस्कार शिविर से न केवल बाल पीढ़ी संस्कारित होगी बल्कि उन बालकों के माध्यम से उनके परिवार का वातावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। परिवार निर्माण में बालक भी अपने माता-पिता के सहयोगी बनेंगे।
चिकित्सक डॉ. डीके शर्मा ने कहा कि हमारे कर्तव्य तभी पूरे होंगे जब हमारा शरीर स्वस्थ होगा। आज के समय में बच्चों का स्वास्थ्य काफी हद तक उनके खानपान पर निर्भर करता है। जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक, अधिक तेल-मसाले वाले खाद्य पदार्थ और पैकेटबंद वस्तुओं का अत्यधिक सेवन बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इससे मोटापा, कमजोरी, पाचन संबंधी समस्याएं तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। स्वस्थ जीवन के लिए बच्चों को संतुलित आहार, हरी सब्जियां, फल, दूध, दालें तथा पर्याप्त पानी का सेवन करना चाहिए। नियमित व्यायाम और पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ, ऊर्जावान एवं संस्कारित भविष्य की आधारशिला हैं।
बच्चों को खेल-खेल में रोचक तरीके से स्वस्थ रहने की कला, ध्यान, प्राणायाम, गुरु एवं माता पिता का आज्ञा पालन एवं अनुशासन, महापुरुषों की जीवनी, प्रेरणाप्रद संस्मरण, बालनीति कथाएं, जीवन जीने की कला, विविध प्रयोग, मनोरंजक खेल आदि सिखाए गए, बच्चों ने इत्यादि गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। शिविर में बच्चों से देशभक्ति से जुड़े प्रश्नों के साथ-साथ महाभारत, रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथों पर आधारित सवाल पूछे गए, जिनका बच्चों ने बढ़चढ़कर जवाब दिया। बाल संस्कार शिविर में बीईओ केजी शर्मा ने शिविर में उपस्थित सभी बच्चों को कॉपी, पेन एवं अंत में फल, पौष्टिक आहार का वितरण किया। राष्ट्रगान के साथ शिविर को विश्राम दिया गया। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, सचिव राजमणि शर्मा, कोषाध्यक्ष रेखा भदौरिया, सपना दुबे, रविकांत दुबे, इमरान खान आदि उपस्थित रहे।


