भिण्ड, 11 जून। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यालयों के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से एसआरएफ फाउण्डेशन द्वारा जिला स्तरीय कुशल नेतृत्व एवं विद्यालय विकास योजना आधारित बैठक का आयोजन एसआरएफ लिमिटेड मालनपुर के प्रशासनिक भवन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी गोहद श्याम किशोर भारद्वाज ने की, जबकि एसआरएफ फाउण्डेशन के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी अकरम सिद्दीकी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी चैन सिंह किरार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में रूरल एजुकेशन प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित 10 शासकीय विद्यालयों के संस्था प्रधान, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर एसआरएफ फाउण्डेशन के अधिकारियों ने संस्था द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चयनित विद्यालयों में लगभग 13.11 लाख रुपए की लागत से डोम शेड, इनवर्टर, वाटर कूलर, म्यूजिक सिस्टम, खेल सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए विद्यालय विकास योजना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र नामांकन एवं उपस्थिति, अधिगम स्तर में सुधार, सामुदायिक सहभागिता, मॉडल स्कूल निर्माण तथा शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए शत-प्रतिशत छात्र नामांकन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों, सरपंचों एवं सचिवों से पारदर्शिता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षा विभाग विद्यालयों के विकास एवं नवाचारों को जिला एवं राज्य स्तर तक पहुंचाने में हरसंभव सहयोग करेगा। बैठक में वक्ताओं ने एसआरएफ फाउण्डेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था के निरंतर सहयोग से कई विद्यालयों ने स्कूल सर्टिफिकेशन कार्यक्रम में जिला एवं राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार सहयोगात्मक प्रयास जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान एसआरएफ लिमिटेड मालनपुर के प्लांट हेड राजेश खन्ना एवं संतोष पाठक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्था प्रमुखों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक भागीदारी एवं समन्वय के माध्यम से बेहतर परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया। बैठक में सरपंच संघ अध्यक्ष मुरारी सिंह तोमर, बीएसी कृष्णपाल सिंह गुर्जर, धर्मेन्द्र भारद्वाज, सचेन्द्र कांकर, संकुल प्राचार्य संतोष सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पर्यवेक्षक आभा श्रीवास्तव सहित पंचायत प्रतिनिधि, सीएसी, एसएमसी अध्यक्ष, चयनित विद्यालयों के संस्था प्रधान एवं एसआरएफ फाउण्डेशन की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 57 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
Saturday, June 13
BREAKING
- जन हितकारी योजनाओं का लाभ अब आपके द्वार : मंत्री शुक्ला
- नवोदय विद्यालय में शिक्षकों की कमी एवं अन्य समस्याओं को दूर किया जाए : बघेल
- कलेक्टर एवं एसपी ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
- व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला हे बाल संस्कार शिविर : बीईओ
- सही न्याय के लिए पीढ़ित को सुनना जरूरी : पाठक
- बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन
- मलेरिया रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
- बच्चों का अधिकार, हमारा दायित्व : सुनील दुबे


