-गोविन्द नगर में केबिल जलने से तीन दिन से बंद थी बिजली आपूर्ति
भिण्ड, 09 जून। शहर के गोविन्द नगर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से मंगलवार को भीषण गर्मी से बेहाल लोगों ने गोविन्द नगर पुलिया पर चक्काजाम कर दिया और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के कारण इस मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में अटेर रोड स्थित गोविंद नगर क्षेत्र में केबल लाइन जल जाने के कारण पिछले तीन दिनों से बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप है। मुहल्ला वासियों का आरोप है कि उन्होंने बिजली गुल होने की शिकायत के लिए कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। समाधान न होने से गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।


