भिण्ड, 09 जून। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे स्व. रणवीर सिंह भदौरिया (भोला भाईसाहब) की 24वी पुण्यतिथि के अवसर पर अटेर क्षेत्र में उनके गृह ग्राम किशूपुरा में सुबह समाधि स्थल पर हवन पूजन का कार्यक्रम संपन्न किया गया। इसके बाद वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें भिण्ड और ग्वालियर आए विशेषज्ञ चिकित्सकों लगभग 350 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाई वितरण की।
खेल पुरस्कार 2026 हेतु आवेदन आमंत्रित
भिण्ड। खेल पुरस्कार-2026 (एकलव्य, विक्रम, विश्वामित्र, प्रभाष जोशी एवं लाईफटाईम एचीवमेंट पुरस्कार) हेत ऑनलाईन आवेदन 10 जून से 31 जुलाई तक आमंत्रित किए जा रहे हैं।पुरस्कार खेल और युवा कल्याण विभाग मप्र शासन के नवीन पुरस्कार नियम 2021 के अनुसार विगत 5 वर्षों (एक अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2026) में अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किए जाएंगे। साहसिक खेल (समुद्र, जमीन एवं वायु आधारित) हेतु भी विक्रम एवं एकलव्य पुरस्कार हेतु आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पुरस्कार हेतु पात्रता, पुरस्कार राशि व अन्य शर्तें विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हंै। आवेदक विभागीय वेबसाइट पर दी गई लिंक से या प्ले स्टोर से खेल और युवा कल्याण के ऐप डाउनलोड करके भी ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदक को ऑनलाईन आवेदन करने के उपरांत आवेदन की प्रति (जिस पर पंजीयन क्रमांक अंकित हो) के साथ खेल प्रमाण-पत्र एवं अन्य अभिलेख की छाया प्रति कार्यालय जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी, जिला भिण्ड/ संचालनालय खेल और युवा कल्याण टीटी नगर स्टेडियम भोपाल में 31 जुलाई तक जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त आवेदन पत्र पुरस्कार हेतु मान्य नहीं किए जाएंगे।


