– पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की जन्म शताब्दी पर कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 08 जून। पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर ऐसे नेता थे जो कार्यकर्ताओं को गढ़ते थे। वर्ष 1990 के पहले तक सभी दलों के बड़े नेता इसी तरह काम करते थे। अब दलों में आंतरिक लोकतंत्र बचा नहीं है। मण्डल और वार्ड स्तर तक के अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं की सूची ऊपर से जारी होती है, जिसमें स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं की सहमति और असहमति का कोई स्थान नहीं होता। लेकिन चंद्रशेखर के दौर में असहमति का अपना स्थान था। असहमत होने का मतलब बगावत बिल्कुल नहीं है, लेकिन यह महत्वपूर्ण है। यह बात पूर्वमंत्री एवं शिक्षाविद् रमाशंकर सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के जन्म शताब्दी समारोह के तहत रविवार की शाम को वायपास रोड स्थित एक होटल में चन्द्रशेखर का जीवन, विचार यात्रा एवं असहमति का दर्शन विषय पर आयोजित स्मृति सभा में मुख्य वक्ता के रूप में कही। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम, अवधेश श्रीवास्तव, नरोत्तम नरवरिया, जयश्रीराम बघेल, डॉ. राधेश्याम शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार सत्यनारायण शर्मा भी मंचासीन रहे।
पूर्वमंत्री डॉ. रमाशंकर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि बहुमत से बनी सरकार से सब खुश हों। इसलिए नागरिक कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए जनता को कोई भी बात गलत लगने पर अपनी असहमति देनी चाहिए। यह भी एक तरह से राष्ट्रीय जिम्मेदारी का ही भाव है। जब नागरिक असहमति व्यक्त करने की स्थिति में आ जाएंगे तो राजसत्ताएं भी अपनी मर्यादाएं समझ लेंगी। उन्होंने अपने चुनाव सहित कई संस्मरण इस दौरान मंच से सुनाए। उन्होंने कहा कि चन्द्रशेखर ऐसे नेता थे जो खुलकर असहमत होते थे। सभा को पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम, अवधेश श्रीवास्तव, नरोत्तम नरवरिया, जयश्रीराम बघेल आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज जैन ने किया।
अंत में आभार प्रदर्शन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सत्यनारायण शर्मा ने रमाशंकर के साथ अपने जीवन विभिन्न स्मृतियों को ध्यान करते हुए उन्हें अपने विचारों की एक किताब प्रकाशित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रमाशंकर सिंह एक विचारधारा है। उन्होंने कार्यक्रम में रचनात्मकता के लिए रमाशंकर के कार्यों सहारना की तथा रमाशंकर शोधा संस्थान स्थापित मांग की गई। कार्यक्रम में अटेर क्षेत्र के थान सिंह भदौरिया, राजपाल सिंह, मन्नू सिंह, विजय शर्मा सरपंच प्रतापपुरा, मेहगांव से लायक सिंह गुर्जर, पूर्व जनपद अध्यक्ष रामहर्ष सिंह, गोहद से सरदार कृपाल सिंह, सहकारी दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष अरुण सिंह तोमर, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्यामसुंदर सिंह जादौन एवं उनके अन्य सहयोग मित्रगण, भिण्ड से सभी दलों के प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शैलेन्द्र सिंह बबेड़ी, रामा कुशवाह एवं शिवशंकर बड़े मुन्ना का विशेष सहयोग रहा।


