– जल ही मानव जीवन का आधार : आशीष जनक
– भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रकृति की रक्षा करें : शर्मा
भिण्ड, 07 जून। मप्र जन अभियान परिषद (योजना आर्थिक की सांख्यिकी विभाग मप्र शासन) विकास खण्ड मेहगांव द्वारा चयनित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवरी द्वारा ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत मेहगांव-गोरमी मुख्य मार्ग पर जल मन्दिर प्याऊ का शुभारंभ कर ग्राम के काली माता मन्दिर परिसर एवं शा. महाविद्यालय परिसर में पधारोपण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मित्र परिषद के सचिव एवं समाजसेवी आशीष जनक, ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत शीतल पेयजल पात्रों का पूजन कर जल सेवा मन्दिर (प्याऊ) की शुरुआत की।
इस अवसर पर आशीष जनक ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे कार्य हमेशा बड़े कार्य के प्रेरणा स्त्रोत बनते हैं। भारतीय संस्कृति में जल सेवा मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम माना गया है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की इस पहल से ग्राम वासियों, राहगीरों तथा आस-पास के क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सकेगी। वर्तमान समय में जल संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। लगातार घटते भूजल स्तर, जल स्त्रोतों के सूखने तथा बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध करना है तो हमें स्वयं को जागरूक होना होगा। सबसे पहले हमें खुद को प्रदूषण करना छोड़ना चाहिए तो वातावरण अपने आप शुद्ध हो जाएगा। धरती का कण-कण पर्यावरण से जुड़ा है। पेड़ लगाने भर से पर्यावरण की रक्षा पूरे तरीके से नहीं हो सकती इससे एक कदम आगे बढ़कर हमें उन सभी चीजों पर भी काम करना होगा जो पर्यावरण को दूषित करते हैं जैसे प्लास्टिक, हम सभी प्लास्टिक की उपयोग के नुकसान को भली-भांति समझते हैं जब यह बात हमारे जीवन चरित्र में सम्मिलित हो जाएगी पर्यावरण को सहेजने का पहला कदम तभी शुरू होगा।
उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति सचिव बृजेश शर्मा, आशीष शर्मा, दिलीप सिंह जादौन, काजल रजक, सत्येन्द्र कुमार जयंत, दीप्ति भारद्वाज, लक्ष्मी कुमारी, स्वाति कुमारी, रोहित बरुआ, सूरज बरुआ सहित आधा सैकड़ा से अधिक लोग उपस्थिति थे।


