– भाविप के बाल संस्कार शिविर में सातवे दिन बच्चों ने सीखे सेल्फ डिफेंस के गुर
– बेटियों की बढ़ती भागीदारी देश की समृद्धि का सूचक
भिण्ड, 07 जून। भारत विकास परिषद शाखा जागृति द्वारा विगत 5 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा बाल संस्कार शिविर इस वर्ष भी सफलता के नए कीर्तिमान रच रहा है। गोपाल गौशाला में एक जून से प्रारंभ हुआ यह आठ दिवसीय शिविर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। शिविर के सातवें दिन मुख्य अतिथि के रूप में डाइट प्राचार्य आनंद शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आनंद शर्मा ने कहा कि भारत विकास परिषद बच्चों में जो संस्कार दे रही है, वह अत्यंत काबिले तारीफ है। इस गौरवशाली संगठन से जुड़कर मुझे बेहद खुशी और गर्व की अनुभूति हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि यहां उपस्थित सभी बच्चे इस शिविर से जीवन की अमूल्य सीख लेकर जाएंगे।
खेल गतिविधियों और आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण
शिविर के सातवें दिन बच्चों के शारीरिक विकास और सुरक्षात्मक कौशल पर विशेष ध्यान दिया गया। भिण्ड में खेलों के द्रोणाचार्य कहे जाने वाले वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव के साथ-साथ खेल विभाग में पदस्थ वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक बृजबाला यादव, सत्या तोमर, श्रेया यादव, आराध्या भदौरिया, मणि यादव और कृषिका यादव ने बच्चों को सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) के कई महत्वपूर्ण क्रियाकलाप सिखाए।
किशोरी स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित इन गतिविधियों में बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, सजग और मजबूत रहने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। इस दौरान राधेगोपाल यादव ने भिण्ड के उन प्रतिभावान खिलाड़ियों के संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने बच्चों को खेल भावना से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बेटियों की बढ़ती भागीदारी भारत की समृद्धि का सूचक
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि महारानी लक्ष्मीबाईशा. उमावि की प्राचार्या व शाखा की वरिष्ठ सदस्य स्नेहलता भदौरिया ने शिविर में कन्याओं की बड़ी संख्या पर गहरा हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर में बेटियों की बहुसंख्या यह दर्शाती है कि आज पूरे भारतवर्ष में बेटियां, बेटों से कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। यह हमारे देश की समृद्धि का एक बेहतरीन सूचक है, क्योंकि हमारी आधी आबादी अब उन्नति की ओर अग्रसर है और किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है।
संस्कार शिविर के सातवें दिन समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध जन और परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनमें सेवानिवृत्त एसडीओ रविन्द्र भदौरिया, शासकीय ठेकेदार पवन जैन, व्यवसायी राजेश गुप्ता, महेन्द्र जैन एवं पुष्पेन्द्र जैन, गोपाल गौशाला के अध्यक्ष कैलाश ऊषा नगरिया, किंग्स इंपीरियल की संचालिका व परिषद की उपाध्यक्ष रानू ठाकुर, क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक श्रवण पाठक, डॉ. उमा शर्मा, अरुणा पाठक, शाखा अध्यक्ष गगन शर्मा, दीपशिखा शर्मा, प्रियंका शुक्ला, अनु गोयल, नितिन दीक्षित, धीरज शुक्ला, राजकुमार शर्मा, रत्ना कुशवाह, अवधेश जोशी, मनोज दीक्षित, ओम नारायण ओझा, राहुल श्रीवास प्रमुख हैं। शिविर में बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस भव्य शिविर का समापन 8 जून को होगा।


