– 135 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ
भिण्ड, 31 मई। गहोई वैश्य समाज सेवा समिति द्वारा जनहित में एक सराहनीय पहल करते हुए रविवार को विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन सदर बाजार स्थित गहोई भवन में किया गया। शिविर में ग्वालियर के प्रसिद्ध जैसवानी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में गोहद और आस-पास के क्षेत्रों से आए 135 से अधिक मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम का विधिवत आरंभ राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त एवं आराध्य देव भगवान सूर्य देव के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठ जन और पदाधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में जैसवानी हॉस्पिटल ग्वालियर के अनुभवी डॉक्टरों ने मरीजों की जाच की, जिसमें मुख्य रूप से डॉ. मयंक जैसवानी (न्यूरो सर्जन) ने नस, दिमाग और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याओं के मरीजों को देखा। डॉ. तरुण जैसवानी दंत रोग विशेषज्ञ ने दांतों और मसूड़ों से संबंधित बीमारियों का परीक्षण किया। डॉ. अमृता जैसवानी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने महिलाओं की स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी।
समाज ने जताया डॉक्टरों का आभार
गहोई समाज के अध्यक्ष कमलेश लहारिया ने इस सफल आयोजन के लिए पूरी डॉक्टर टीम और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गहोई समाज हमेशा से ही सामाजिक और लोक-कल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है और भविष्य में भी इस तरह के जनहित के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर के सफल आयोजन पर समस्त गहोई बंधुओं ने जैसवानी हॉस्पिटल की टीम के प्रति कृतज्ञता जताई। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और सेवाभावी कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने व्यवस्थाएं संभालने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।


