– अवैध उत्खनन के खिलाफ डिप्टी कलेक्टर ने मारा छापा
भिण्ड, 27 मई। लहार अनुविभाग के अचलपुरा गांव में अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन कर रही जेसीबी मशीन को डिप्टी कलेक्टर ने देर शाम छापा मारकर जब्त कर लिया। मशीन को मिहोना पुलिस थाने में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रभारी मिहोना तहसीलदार और डिप्टी कलेक्टर कविता यादव को अचलपुरा गांव के बीहड़ में अवैध मिट्टी उत्खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। इस पर संज्ञान लेते हुए कविता यादव ने मिहोना पुलिस बल के साथ मौके पर छापा मारा। डिप्टी कलेक्टर ने जेसीबी चालक से मिट्टी खोदने की अनुमति या अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान मिट्टी का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अपने वाहनों के साथ मौके से भागने में सफल रहे। जब्त की गई जेसीबी मशीन को मिहोना पुलिस थाने में रखवाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई है। इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर कविता यादव ने कहा कि अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।


