– भिण्ड में सांप के बच्चे के साथ क्रूरता का मामला
भिण्ड, 27 मई। सांप के बच्चे के साथ क्रूरता करने और वीडियो वायरल करने पर वन विभाग ने मंगलवार को भीम आर्मी के चंबल संभाग संयोजक देशराज धारिया समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें मेहगांव जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सांप के बच्चे को घायल कर उसे उल्टा लटकाकर तमाशा बनाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भीम आर्मी के चंबल संभाग संयोजक देशराज धारिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों गोविन्द सिंह और भयंकर सिंह के नाम बताए, जिसके बाद टीम ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
वन विभाग रेंजर कृतिका शुक्ला ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी। देशराज धारिया को पकड़ने के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें अन्य साथियों की जानकारी सामने आई। इसके बाद गोविन्द सिंह और भयंकर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें मेहगांव जेल भेजने के आदेश दिए गए।


