– गाता गांव के ग्रामीणों ने दी चक्काजाम की चेतावनी
भिण्ड, 27 मई। मेहगांव क्षेत्र के ग्राम गाता में भीषण गर्मी होने के कारण पानी की समस्या को लेकर जूझ रहा है ग्रामीण, उन्होंने पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि यदि आठ दिन के अंदर हमारे गांव की पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम ग्रामीण मौ-मेहगांव मार्ग पर चक्काजाम करेंगे।
अरविंद बौहरे, रामजीलाल चौहान, संदीप रजक, श्रीराम बघेल, सोनू शर्मा सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि गाता गांव के लोग कई वर्षों से खारे पानी की समस्या से जूझ रहे लेकिन आज तक किसी जनप्रतिनिधि ने और प्रशासन ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जिस कारण ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चों को तीन किलोमीटर दूर से पीने के लिए पानी लेकर आना पड़ता है।
नल जल योजना खानापूर्ति
गाता गांव में नल जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई गई लेकिन पीएचई विभाग ने खाना पूर्ति करने के तहत पाइप लाइन को खारे पानी के बोरवेल से जोड़कर चलता कर दिया। जिससे ग्रामीण उस पानी का उपयोग केवल जानवरों और दैनिक कार्यों में ही उपयोग कर पाते हैं, पीने के पानी के लिए तीन किमी दूर जाना पड़ता है।
आठ दिन बाद की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि हम जनप्रतिनिधि और प्रशासन को अवगत करा कराकर थक चुके हंै लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब तो पानी सिर के ऊपर हो गया है। आठ दिन में समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ तो चक्काजाम करेंगे।


