– कंपनी प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, मानव सेवा का दिया संदेश
भिण्ड, 27 मई। औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्रीम कंपनी में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में कर्मचारियों एवं कंपनी प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर में 200 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए ब्लड बैंक को सौंपा जाएगा।
रक्तदान शिविर का आयोजन सामाजिक सरोकार एवं मानवता की सेवा के उद्देश्य से किया गया था, जिसमें कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और सभी ने उत्साह के साथ रक्तदान कर दूसरों का जीवन बचाने का संकल्प लिया।
कंपनी एचआर हेड योगेश चौहान ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और इससे कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि समाज के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी को मजबूती से निभाया जा सके।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण किया गया। जिसमें रक्तदान करने वाले कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
अंत में कंपनी प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजहित के ऐसे कार्य लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए प्रेरित करते हैं। शिविर में मुकेश सरफरोश शेखावत एवं ग्वालियर से आए जेएच एवं रेडक्रॉस सोसाइटी टीम में डॉ. राकेश बघेल, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. देवेन्द्र सिंह कुशवाहा, सुरेन्द्र कुशवाहा, मनोज सिंह गुर्जर, अनिल शर्मा, रिकी रजक, अमन कुशवाह आदि लोग उपस्थित रहे।


