भिण्ड, 26 मई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई जनसुनवाई में कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने जिले के विभिन्न अंचलों से आए 99 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण करने के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने भी आवेदकों की समस्याओं पर जनसुनवाई की।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने गंभीर बीमारी से संबंधित इलाज, विद्युत बिलों में सुधार, हैण्डपंपों का संधारण, पेंशन, सड़क दुघर्टना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड एवं जमीन पर कब्जा से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके संबंध में आवेदक को भी कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
शस्त्र लाइसेंस निलंबित
भिण्ड। जिला दण्डाधिकारी किरोड़ीलाल मीणा ने पुलिस अधीक्षक दतिया के प्रतिवेदन पर से मप्र आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17(3)बी में निहित प्रावधानों का प्रयोग करते हुए अनावेदक आर्म्स लाइसेंसी सुनील सिंह पुत्र अजमेर सिंह जादौन निवासी ग्राम सिजरौली (बेड़ा) थाना लहार जिला भिण्ड का 315 बोर शस्त्र लाइसेंस को अन्य आदेश होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


