– पेवली व गुसींग में तालाब गहरीकरण व वृक्ष पूजन कार्यक्रम संपन्न
भिण्ड, 26 मई। मप्र जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था चौधरी रूपनारायण दुबे समाज कल्याण समिति भिण्ड के निर्देशन में गुरुवार को ग्राम पंचायत पेवली और गुसींग में जल संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया एवं वृक्ष पूजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्राम के मन्दिर पर दीप प्रज्ज्वलित कर जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई।
कार्यक्रम में समाजसेवी सुनील दुबे ने कहा कि गंगा दशहरा उत्सव मन को निर्मल और शुद्ध बनाता है। जैसे मां गंगा जीवन देती है, वैसे ही हमारे तालाब और जल स्रोत भी जीवन का आधार हैं। इन्हें बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। संगोष्ठी में ग्राम पंचायत सरपंच राजवीर बघेल, जीतू कोठारी, योगेन्द्र सिंह, राजवीर कुशवाह, सोमेश हरिऔध ने भी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भूजल स्तर बढ़ाने के लिए तालाब गहरीकरण व वृक्षारोपण को जरूरी बताया। अंत में समस्त ग्रामीणों ने जल संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ ली और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। सरपंच राजवीर बघेल ने कहा कि पंचायत द्वारा जल बचाओ- कल बचाओ अभियान निरंतर चलाया जाएगा। इस अवसर पर नवांकुर संस्था के कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


