भिण्ड, 24 मई। मालनपुर नगर में माइनिंग विभाग एवं नगर परिषद द्वारा मुख्य मार्ग और हाईवे किनारे संचालित रेत-गिट्टी के फड़ों पर की गई संयुक्त कार्रवाई का व्यापक असर देखने को मिला। कार्रवाई की सूचना मिलते ही नाले एवं दुकान के बाहर फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकानें संचालित कर रहे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने प्रशासनिक कार्रवाई के डर से स्वयं ही नाले एवं दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया।
अभी हाल ही में माइनिंग विभाग, नगर परिषद, राजस्व विभाग एवं स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से रोड किनारे एवं सरकारी जगह पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। इसी कार्रवाई के बाद अब नगर में अतिक्रमणकारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। नगर के मुख्य नाले एवं मेन बाजार पर दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण मार्गों और नालों के ऊपर तक फैलाई गई निर्माण सामग्री के कारण लंबे समय से आवागमन प्रभावित हो रहा था। साथ ही नालों पर अतिक्रमण होने से जल निकासी व्यवस्था भी बाधित हो रही थी। प्रशासन की फड़ो पर सख्ती की कार्रवाई देखते ही दुकानदारों ने जेसीबी एवं मजदूरों की मदद से स्वयं ही अपने-अपने दुकानों के बाहर एवं नालों से खुद ही हटाना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि लगातार इसी तरह अभियान चलता रहा तो नगर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और अतिक्रमण से आमजन को राहत मिलेगी। वहीं प्रशासन ने भी स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इनका कहना है:
”कल की रेत, गिट्टी के फड़ों हुई कार्रवाई की दहशत में आकर दुकानदारों ने स्वयं ही अपना अपना अतिक्रमण हटा लिया है।”
रेहान अली, सीएमओ नगर परिषद मालनपुर


