– लाखों मेहनती एवं संघर्षशील युवाओं को अपमानित करना उचित नहीं
भिण्ड, 24 मई। हाल ही में देश के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) की युवाओं को लेकर की गई कॉकरोच संबंधी टिप्पणी पर पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने कहा कि देश का युवा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है और उसके सम्मान व संवेदनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
त्रिपाठी ने कहा कि न्यायपालिका देश का सर्वोच्च एवं सम्मानित संस्थान है,इसलिए न्याय केवल फैसलों में ही नहीं बल्कि शब्दों की गरिमा और संवेदनशीलता में भी दिखाई देना चाहिए। युवाओं को अपमानित करने वाली किसी भी टिप्पणी से समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं फर्जी डिग्री या गलत कार्य हो रहे हैं, तो दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए,लेकिन लाखों मेहनती एवं संघर्षशील युवाओं को अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेतहाशा बेरोजगारी बड़ी है, लाखों की तादाद में युवा बेरोजगार है, जबकि सरकार और व्यवस्था की जिम्मेदारी होती है कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और अवसर उपलब्ध कराए।
त्रिपाठी ने कहा कि आज का युवा जागरूक है, सरकार से सवाल पूछता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने का कार्य करता है। युवाओं की आवाज को दबाने या उनका अपमान करने के बजाय उन्हें सम्मान और अवसर दिए जाने चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। क्योंकि युवा देश का वर्तमान और भविष्य है।


