– देश सेवा की राह पर लहार का लाल
भिण्ड, 24 मई। देश सेवा का जज्बा लेकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में शामिल हुए क्षेत्र के सपूत नितिन तिवारी का शुक्रवार रात अपने गृहनगर लहार आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
नितिन वर्ष 2025 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे, अपनी कठिन और गौरवशाली 11 महीने की ट्रेनिंग (प्रशिक्षण) सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद वे पहली बार 15 दिन की छुट्टी पर अपने घर लौटे हैं। शुक्रवार रात करीब 9 बजे जैसे ही जवान नितिन तिवारी लहार पहुंचे, पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। उनकी माता जी, प्रसिद्ध भागवत आचार्य संतोष कुमार शास्त्री उनके भाई और समस्त मोहल्ला वासियों ने देर रात तक रुक कर फूल-मालाओं और आरती के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। इस भावुक और गर्व के क्षण पर स्थानीय निवासियों ने कहा कि लहार वासियों ने आज अपने एक और बेटे को भारत माता की रक्षा के लिए देश सेवा में समर्पित कर दिया है। नितिन की इस सफलता से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। 11 महीने के कड़े प्रशिक्षण के बाद उनके चेहरे पर देश सेवा की चमक साफ देखी जा सकती थी।


