– सीमांकन के नाम पर मांगे थे दस हजार
भिण्ड, 20 मई। लोकायुक्त पुलिस ने गोहद तहसील के तुकेड़ा हल्का पटवारी को किसान से 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोच है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश पर ग्वालियर लोकायुक्त इकाई ने यह कार्रवाई की।
किसान रामखिलाड़ी चौहान निवासी ग्राम तुकेड़ा तहसील गोहद जिला भिण्ड ने 15 मई को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर को शिकायत कि तुकेड़ा हल्के पटवारी हिमांशु तोमर निवासी शिन्दे की छावनी लश्कर ग्वालियर, जमीन का सीमांकन करने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है, शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए। इसके बाद 20 मई को रिश्वत की राशि लेना तय हुआ। तय योजना के अनुसार आरोपी पटवारी हिमांशु तोमर को मालनपुर के पास नहर की पुलिया के बाईं तरफ 6 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, संशोधित अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को डीएसपी विनोद सिंह कुशवाह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में निरीक्षक उपेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पवैया, हेमन्त शर्मा, जसवंत शर्मा, मनोज कुशवाहा, बलवीर सिंह तथा आरक्षक प्रशांत कुशवाह, विनोद शाक्य और रवि सिंह शामिल रहे। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। डीजी लोकायुक्त ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।


