-ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल
भिण्ड, 20 मई। शहर में बुधवार को ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल का सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर देखने को मिला। ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के आव्हान पर शहर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती मरीजों के अटेंडरों को दवाइयों के लिए घण्टों भटकना पड़ा।
सुबह से ही जिला अस्पताल के बाहर दवा पर्चियां हाथ में लिए लोग मेडिकल दुकानों की तलाश करते नजर आए। कई लोग एक दुकान से दूसरी दुकान तक घूमते रहे, लेकिन बाजार बंद होने के कारण उन्हें जरूरी दवाएं नहीं मिल सकीं। सबसे ज्यादा परेशानी गंभीर मरीजों और इमरजेंसी में आए लोगों को हुई। कई मरीजों के परिजन दवाओं के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन मेडिकल स्टोर्स बंद होने के कारण उन्हें दवाएं उपलब्ध नहीं हो पाईं। उन्होंने कहा कि समय पर दवा नहीं मिलने से इलाज प्रभावित हो रहा है और मरीजों की हालत बिगड़ने का खतरा बना रहता है। एक मरीज के परिजन ने बताया कि डॉक्टर ने दवा लिखी, लेकिन मेडिकल स्टोर बंद होने से काफी परेशानी उठानी पड़ी। काफी तलाश के बाद निजी अस्पताल के मेडिकल से कुछ दवाइयां मिल सकीं। शहर में निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर खुले रहने से वहां दिनभर भीड़ लगी रही। कई जगह लोगों की लंबी कतारें भी दिखाई दीं।
आलमपुर में बंद रहे मेडीकल स्टोर
मेडीकल एसोसिएशन के आह्वान पर आलमपुर बाजार में बुधवार को मेडीकल स्टोर बंद रहे। इस दौरान आलमपुर बाजार में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग दवाइयां खरीदने के लिए इधर-उधर भटकते दिखाई दिए। मगर मेडीकल स्टोर बंद होने के कारण उन्हें आलमपुर बाजार में कहीं भी दवाइयां उपलब्ध नहीं हुई है। विदित हो कि मेडीकल स्टोर संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अपने अपने मेडीकल बंद रखे हैं।


