– बगैर स्वीकृति के खोद कर डाला नाला, व्यापारियों में आक्रोश
भिण्ड, 20 मई। एक ओर मप्र सरकार स्वच्छता अभियान के तहत करोड़ों रुपए खर्च कर जनता की सुविधाओं के लिए जमीनी विकास का ढिंढोरा पीट रही है, तो दूसरी ओर शासकीय अधिकारी कर्मचारी स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने पर उतारू हैं।
मालनपुर नगर परिषद द्वारा यही हाल देखने को मिल रहा है, पुरानी रिठौरा रोड सब्जी मण्डी मालनपुर में रोड को चौड़ीकरण हेतु पुराना नाला बंद कर दिया गया, रोड का टेंडर भी निकाल दिया। परंतु नाले के बिना टेंडर के एक माह पूर्व से ही नाला खोद कर डाल दिया एवं रोड के नाम दुकानों के आगे लगे टीनशेड अतिक्रमण में हटा दिया गया, वह भी एक साइड का। अतिक्रमण कम से कम 8 से 10 फुट दुकानों में फीता लगाकर अतिक्रमण हटाने को सीमांकन किया गया। परंतु अतिक्रमण भी मुंह देखकर हटाया गया, इस सब्जी मण्डी में मेन बाजार पुराने राठौड़ रोड पर कम से कम 100 दुकाने दोनों साइड से बनी हुई हैं, उनका दो से तीन से माह से धंधा बंद के कगार पर है, यहां कहावत चर्चित हो रही है कि नदी आई नहीं मगर पहले ही आ कूंदे। नवीन नाले की बगैर स्वीकृति के टेंडर के सड़क को चौड़ीकरण के चक्कर में पुराना नाला बंद कर नया नाला 5 फुट गहरा चौड़ाई कर जेसीबी से खोद कर डाल दिया। इससे व्यापारी काफी परेशान है। नगर परिषद के अधिकारियों के इस तरह के काम से साफ जाहिर हो रहा है कि अधिकारियों द्वारा मनमर्जी बिना नियम के काम किया जा रहा है, नाला खोद कर डाल दिया, जिससे व्यापारियों का एक माह के लगभग से धंधा चौपट हो रहा है। मालनपुर नगर परिषद के अधिकारियों कर्मचारियों की मनमर्जी के काम से आज सब्जी मण्डी के व्यापारी को काफी परेशानिया उठाना पड़ रही है। गणमान्य नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद की लीपापोती कर नगर परिषद का पैसा का खुलेआम दुरुपयोग कर जनता को गुमराह किया जा रहा है।


