भिण्ड, 20 मई। जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा कोषड़ पुलिया के पास हाईवे पर उस समय हुआ, जब बाइक अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार अरुण उर्फ पप्पू जाटव पुत्र सुमेर जाटव उम्र करीब 50 वर्ष निवासी किशूपुरा मंगलवार रात रमा गांव डीजल देने गए थे। वहां से वापस अपने गांव किशूपुरा लौटते समय कोषड़ की पुलिया के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर घूम रहे सांड से जा भिड़ी। हादसे में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक का बुधवार को पीएम कराया गया।
गोहद में दो जगह अज्ञात चोरों ने बोला धावा
भिण्ड। गोहद थाना क्षेत्रांतर्गत फरियादी राजा बैग अपनी रिस्तेदारी में निमंत्रण में गया था तभी अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर सोने चांदी के जेवरात एवं 16 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। वहीं मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने हठीले हनुमानजी मन्दिर में घुसकर मन्दिर में लगे लगभग एक दर्जन घण्टे एवं दान पेटी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


