– महंत रामदास महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ भव्य समारोह
– अटूट श्रद्धा के आगे नतमस्तक हुआ विश्व रिकार्ड
– महाराज ने स्वयं स्वीकार किया विश्व रिकार्ड सर्टिफिकेट
भिण्ड, 19 मई। ‘जहां श्रद्धा बनती है औषधि और विश्वास बनता है आरोग्य’ इस उक्ति को चरितार्थ करने वाले मप्र के सुप्रसिद्ध दंदरौआ धाम की अद्वितीय आध्यात्मिक परंपरा, जन-आस्था और मानव सेवा को विश्व स्तर पर एक महान और विशिष्ट पहचान मिल गई है। दंदरौआ धाम के दिव्य और अलौकिक संरक्षणकर्ता 1008 महामंडलेश्वर महंत रामदास महाराज के पावन सानिध्य एवं गरिमामयी मार्गदर्शन में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान, धाम में विराजमान हनुमानजी के दुर्लभ एवं अद्वितीय स्वरूप ‘डॉक्टर हनुमान’ तथा दिव्य ‘सखी स्वरूप’ को ‘वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया’ की समिति द्वारा ‘विश्व रिकार्ड’ का प्रमाण पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया।
मंगलवार के पावन अवसर पर धाम के विशाल प्रांगण में आयोजित इस ऐतिहासिक और गरिमामयी समारोह के दौरान वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया के सीईओ पवन सोलंकी ने स्वयं उपस्थित होकर महंत रामदास महाराज को यह प्रतिष्ठित वर्ल्ड रिकार्ड सर्टिफिकेट ससम्मान भेंट किया, जिसे महाराज ने अपने कर-कमलों से सहर्ष स्वीकार किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनते ही पूरा धाम परिसर ‘जय डॉक्टर हनुमान’ और ‘महंत रामदास महाराज की जय’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इस भव्य अवसर पर मप्र शासन के मंत्री राकेश शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि गोहद विधायक केशव देसाई मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया के सीईओ पवन सोलंकी काफी भावुक नजर आए। उन्होंने मन्दिर की अलौकिक महिमा और महाराज के तप का बखान करते हुए कहा कि बहुत कम ऐसे स्थान या अवसर होते हैं जहां हमारी समिति स्वयं जाकर अवार्ड प्रदान करती है। दंदरौआ धाम की महिमा इतनी अलौकिक है कि यहां आना मेरा सौभाग्य है। मैं यहां किसी के आमंत्रण पर नहीं आया, अपितु मुझे स्वयं हनुमानजी की कृपा और मर्जी यहां खींच लाई है। महाराज के पांच दशकों के कठिन तप और कुशल मार्गदर्शन में यह धाम भारत की उस सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक बना हुआ है, जहां आस्था लोगों के जीवन में आरोग्य का संचार करती है। इस भव्य अवार्ड के मिलने के बाद दंदरौआ धाम को वैश्विक जगत में एक नई व विशिष्ट पहचान मिलेगी, जिसके फलस्वरूप अब देश और दुनिया के कोने-कोने से श्रद्धालुओं और भक्तों की संख्या भी यहाँ तेजी से बढ़ेगी।
कार्यक्रम में मौजूद मंत्री राकेश शुक्ला एवं विधायक केशव देसाई ने इस सम्मान को संपूर्ण अंचल, महाराज के दिव्य सानिध्य और सनातन संस्कृति के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया। इससे पूर्व ग्वालियर एयरपोर्ट पर मुख्य पुजारी रामबरन महाराज, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेन्द्र प्रकाश सिंह के नाती व अंतरिक्ष वैज्ञानिक आर्य प्रताप सिंह और दंदरौआ धाम के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र खेमरिया ने पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सीईओ पवन सोलंकी का भव्य स्वागत किया और उन्हें गालव ऋषि की पावन महिमा से अवगत कराया था।
समारोह के सफल आयोजन और भव्य कवरेज में दंदरौआ धाम के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र खेमरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सनातन सेना भारत अवधेश शर्मा, मीडिया प्रभारी भाजपा गोहद अरविन्द शर्मा, शास्त्री ठेकेदार, भानु सिंह गुर्जर, सौरभ यादव सहित मन्दिर समिति के सभी पदाधिकारियों और देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की सराहनीय भूमिका रही। इस सम्मान के मिलने से दंदरौआ धाम की वैश्विक पहचान में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है।


