-जनसुनवाई में प्राप्त 98 आवेदनों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
भिण्ड, 19 मई। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जन सामान्य की शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान एवं अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने भी आवेदकों की समस्याओं पर जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान 98 से अधिक आवेदन आए जिन पर संबंधितों को भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अटेर क्षेत्र के ग्राम सुरपुरा निवासी हरिसिंह पुत्र सुखराम ने एक पैर कटा होने से चलने में असमर्थता के कारण बैसाखी दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तत्काल कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग अधिकारियों को आवेदक हरिसिंह को तत्काल बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देशानुसार सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आवेदक हरिसिंह को बैसाखी उपलब्ध कराई गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने गंभीर बीमारी से संबंधित इलाज, विद्युत बिलों में सुधार, हैण्डपंपों का संधारण, पेंशन, सड़क दुघर्टना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड एवं जमीन पर कब्जा से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई करने के दिए।


