– गांव-गांव में होंगे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन
भिण्ड, 19 मई। जनजातीय वर्ग के लिए संचालित शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता हेतु कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निर्देश पर 18 से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले अभियान चलाया जा रहा है।
भिण्ड जिले में जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले अभियान का शुभारंभ मंगलवार को गोहद की सहरिया बसाहटों में हेल्थ कैंप पोषण आहार एवं जन्मदिन उत्सव के साथ शुरुआत हुई। जिसमें आज की गतिविधियों में गोहद विकासखण्ड की सहरिया बसाहटों में निवासरत सहरिया समुदाय के नागरिकों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर आयोजित कर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रोग पीड़ित सदस्यों को मौके पर ही निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण एवं सामुदायिक सहभागिता कर सहरिया परिवारों के लिए विशेष पोषण आहार तैयार कर परोसा गया।
सहरिया बस्ती के दो छोटे बच्चों का जन्मदिन सामूहिक रूप से मनाया गया। जिससे समुदाय में शासन के प्रति विश्वास बढ़ा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहद द्वारा सहरिया बसाहटों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से फीडबैक लिया गया। कलेक्टर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे सहरिया परिवारों तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। 25 मई तक जिले की सभी सहरिया बसाहटों में लंबित आवेदन शून्य का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, वनाधिकार पट्टा आदि के आवेदन भी लिए जा रहे हैं।


