– मिर्जा एकेडमी में मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित
भिण्ड, 19 मई। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए मिर्जा एकेडमी में एक भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय थाना प्रभारी रवि उपाध्याय तथा विशेष अतिथियों में नगर परिषद उपाध्यक्ष हाकिम चौधरी, स्वयंप्रभा विद्यालय के प्राचार्य शैलेश कुरचानिया, राकेश कोठारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान के संचालक रिजवान बेग और अरमान बेग ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने छात्रों-छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज के दौर में शिक्षा ही सफलता की एकमात्र कुंजी है। छात्रों को किसी भी दबाव में आए बिना पूरे आत्मसम्मान के साथ अपनी पढ़ाई पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। जब आप खुद पर भरोसा रखकर आगे बढ़ेंगे, तभी देश और समाज के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे पाएंगे। उन्होंने एकेडमी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों के भीतर कुछ बेहतर करने का जज्बा पैदा होता है। उन्होंने कहा कि मिर्जा एकेडमी के छात्र-छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल किया है यह उनकी लगन परिश्रम का परिणाम है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह छात्र-छात्राए भविष्य में भी इसी संस्थान ओर अपने माता-पिता का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र में बेहतरीन अंक हासिल करने वाले और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि और संस्थान के संचालकों द्वारा पांच-पांच हजार का चेक ओर मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। संस्थान के संचालक रिजवान बेग और अरमान बेग ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिर्जा एकेडमी भविष्य में भी छात्रों को उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक भानु चौहान, आरक्षक रंजीत, हरिश्चन्द्र पांडेय, राजाभैया पाल, चांद खां तथा एकेडमी का स्टाफ, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र व उनके अभिभावक मौजूद रहे। अंत में मिर्जा एकेडमी के संरक्षक फैयाद बेग ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शासकीय विद्यालय जाखोली के प्राचार्य रामनारायण शाक्य ने किया।


